कौशाम्बी: शौच के लिए खेत की तरफ गए अधेड़ व्यक्ति की गहरे नाले में गिरने से मौत,परिजनों में कोहराम,
यूपी के कौशाम्बी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के डहरई गांव में मंगलवार की सुबह शौच के लिए घर से निकले 40 वर्षीय व्यक्ति की गहरे नाले में गिरने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर चम्पहा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार डहरई गांव निवासी इंद्रभवन सरोज (40) पुत्र मोतीलाल सरोज मंगलवार की सुबह शौच के लिए घर से निकले थे इसी दौरान वह गांव के पास स्थित गहरे नाले की ओर पहुंच गए। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे नाले में गिर गए। नाला काफी गहरा होने के कारण वह उसमें से बाहर नहीं निकल सके।
काफी देर तक इंद्रभवन के घर वापस नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच नाले में उनके गिरने की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को हुई तो ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने उन्हें नाले से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार में मौत की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना चम्पहा चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद से गांव में शोक व्याप्त है।








