छात्रों की समस्याओं पर डिप्टी सीएम का तत्काल एक्शन,जांच कमेटी गठित, प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज, तीन सदस्यीय समिति करेगी जांच

कौशाम्बी/लखनऊ: छात्रों की समस्याओं पर डिप्टी सीएम का तत्काल एक्शन,जांच कमेटी गठित, प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज, तीन सदस्यीय समिति करेगी जांच,

यूपी के कौशाम्बी जिले में चायल तहसील के नेवादा ब्लॉक के शिवाजी इंटर कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं के धरना-प्रदर्शन के मामले में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक कौशाम्बी और निदेशक माध्यमिक शिक्षा को प्रकरण में त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

गौरतलब है कि 1 अक्टूबर को शिवाजी इंटर कॉलेज, नेवादा में छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। छात्रों की समस्याओं की जानकारी मिलने के बाद डिप्टी सीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश के क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक कौशाम्बी ने प्रकरण की जांच के लिए प्रांतीय शिक्षा सेवा के तीन अधिकारियों की समिति गठित की है। समिति नेवादा क्षेत्र से संबंधित कार्मिकों की कार्यप्रणाली और पूरे प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी।वहीं, मामले में सराय अकील थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने अथवा दायित्वों का निर्वहन न करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को प्रदेश के विद्यालयों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की नियमित निगरानी और निरीक्षण करने तथा सामने आने वाली कमियों का तत्काल संज्ञान लेकर उनके प्रभावी निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor