कौशाम्बी के 5656 विद्यार्थियों के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि,डीएम ने 72 विद्यार्थियों को वितरित किए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के स्वीकृत प्रमाण-पत्र

कौशाम्बी: कौशाम्बी के 5656 विद्यार्थियों के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि,डीएम ने 72 विद्यार्थियों को वितरित किए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के स्वीकृत प्रमाण-पत्र,

उत्तर  प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 04 लाख 60 हजार से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि हस्तांतरित की। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के दुर्गा देवी इंटर कॉलेज,ओसा सहित कुल 78 विद्यालयों में किया गया। विद्यालयों में उपस्थित विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना।

इस अवसर पर डीएम डॉ. अमित पाल ने दुर्गा देवी इंटर कॉलेज, ओसा में आयोजित कार्यक्रम में 72 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का स्वीकृत प्रमाण-पत्र प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की धनराशि का सदुपयोग अपनी शिक्षा एवं बेहतर भविष्य के निर्माण में करने के लिए प्रेरित किया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अंतर्गत जनपद में प्रथम चरण में कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत कुल 5656 विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि हस्तांतरित की गई है। इसमें पिछड़ा वर्ग के 3265, अल्पसंख्यक वर्ग के 615 तथा अनुसूचित जाति एवं सामान्य वर्ग के 1776 विद्यार्थी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने में सहयोग प्रदान करना है। शासन द्वारा संचालित इस योजना से विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों को शिक्षा संबंधी आर्थिक भार को कम करने में सहायता मिल रही है।

इस अवसर पर सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी, उपायुक्त श्रम रोजगार विनय कुमार मिश्र एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मुदित श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित आधिकारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor