कौशाम्बी: चायल तहसील में मंडलायुक्त का औचक निरीक्षण,लापरवाही पर 9 अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी जिले में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने शनिवार को अपर आयुक्त त्रिभुवन एवं अन्य अधिकारियों के साथ चायल तहसील का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों से उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित मिले 9 विभागीय अधिकारियों पर मंडलायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए कारण स्पष्ट होने तक उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। अनुपस्थित अधिकारियों में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उप निदेशक कृषि, जिला गन्ना अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, उप संचालक चकबंदी, सचिव विकास प्राधिकरण तथा पूर्ति निरीक्षक चायल शामिल रहे।
मंडलायुक्त ने पूर्व में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवसों के निस्तारण रजिस्टरों और अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शिकायतों के निस्तारण संबंधी आख्या में अनियमितता और अपूर्णता मिलने के साथ ही रजिस्टरों को अद्यतन रखने तथा अभिलेखों के रख-रखाव में लापरवाही सामने आई। इस पर उन्होंने नायब नाजिर के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि किए जाने के निर्देश दिए।
ग्राम सभा की भूमि से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण, रजिस्टरों के रख-रखाव, प्रभावी पर्यवेक्षण और नगर निकाय की स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर उप जिलाधिकारी चायल के विरुद्ध भी प्रतिकूल प्रविष्टि किए जाने के निर्देश दिए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 83 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष शिकायतों का भी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने सीएचसी सराय अकील का भी जायजा लिया। कौशाम्बी में इसे मॉडल सीएचसी के रूप में विकसित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।
सीएचसी पर मरीजों की अधिक संख्या और लगातार बढ़ रहे फुटफॉल को देखते हुए मंडलायुक्त ने इसकी क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सीएमओ को बड़ी बिल्डिंग के निर्माण का प्रोजेक्ट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।








