लेखपालों ने तहसील दिवस का किया बहिष्कार,मांगों को लेकर शुरू किया आंदोलन

कौशाम्बी: लेखपालों ने तहसील दिवस का किया बहिष्कार,मांगों को लेकर शुरू किया आंदोलन,

यूपी के कौशाम्बी जिले में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने मंझनपुर तहसील परिसर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। शनिवार को लेखपालों ने तहसील दिवस का बहिष्कार करते हुए तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। संघ ने आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से चलाने का ऐलान किया है।

संघ के तहसील अध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि आंदोलन के तहत ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 से 23 अक्टूबर तक तहसील मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा, जबकि 24 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

लेखपालों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों में 2800 रुपये ग्रेड पे, आठ साल से रुके तबादले, दो साल से लंबित पदोन्नति सूची और 16 साल से भत्तों में बढ़ोतरी शामिल है। इसके साथ ही लेखपालों ने कार्यों के लिए लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।

लेखपाल संघ का कहना है कि लंबे समय से मांगों के समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। शनिवार के धरना-प्रदर्शन में संघ अध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव,ज्वाला यादव समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor