कौशाम्बी: पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने मनाया 94वां एयरफोर्स डे,पूर्व सैनिकों को किया गया सम्मानित,
यूपी के कौशाम्बी जिले में पूर्व सैनिक कल्याण समिति कौशाम्बी के तत्वावधान में बुधवार को भरवारी स्थित एक गेस्ट हाउस में 94वां एयरफोर्स डे समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन समिति के संस्थापक शारदा प्रसाद वर्मा तथा अध्यक्ष दशरथ लाल करवरिया ने किया।
कार्यक्रम में एयर कमोडोर प्रवीण कुमार शर्मा (सेवानिवृत्त), वायु सेना मेडल एवं मुख्य अतिथि रहे। जिला पूर्ति अधिकारी कौशाम्बी मंगेश कुमार मौर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समिति की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।
समारोह में उपस्थित एयरफोर्स वेटरन्स का भी समिति के संस्थापक एवं वरिष्ठ पूर्व सैनिकों ने माला पहनाकर स्वागत किया। अध्यक्ष दशरथ लाल करवरिया ने स्वागत भाषण में पूर्व सैनिकों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिकों के कल्याण और सम्मान के लिए समिति लगातार प्रयासरत है।
मुख्य अतिथि एयर कमोडोर प्रवीण कुमार शर्मा ने एयरफोर्स दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वायुसेना में सेवा के दौरान के अनुभव पूर्व सैनिकों के साथ साझा किए। वहीं समिति के संस्थापक शारदा प्रसाद वर्मा ने पूर्व सैनिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। वरिष्ठ सलाहकार ने संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में भारतीय जीवन बीमा निगम, शाखा भरवारी के शाखा प्रबंधक प्रकाश जायसवाल एवं सहायक शाखा प्रबंधक अभिषेक मिश्रा ने जीवन बीमा की उपयोगिता तथा जीवन शांति, जीवन उत्सव और जीवन सुरक्षा पॉलिसियों की जानकारी पूर्व सैनिकों को दी।
इसके बाद समिति की ओर से सभी अतिथियों एवं पूर्व सैनिकों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम के जयघोष के साथ हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ सलाहकार राजमन, राम चरण पाल, राम बचन, श्रीराम, कैलाश चंद्र, संजीव कुमार मिश्रा, अनिल कुमार तिवारी, जय नारायण मिश्रा, शिव भवन मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।








