बॉयफ्रेंड की दूसरे युवती से हुई सगाई तो गर्लफ्रेंड ने खा लिया नशीला पदार्थ,इलाज के दौरान मौत, बॉयफ्रेंड पर FIR दर्ज

कौशाम्बी: बॉयफ्रेंड की दूसरे युवती से हुई सगाई तो गर्लफ्रेंड ने खा लिया नशीला पदार्थ,इलाज के दौरान मौत, बॉयफ्रेंड पर FIR दर्ज,

यूपी के कौशाम्बी जिले में प्रेमी की बेवफाई से आहत एक युवती ने जहर खाकर जान दे दी। युवती और युवक के बीच करीब 5 साल से प्रेम संबंध था। दोनों ने शादी करने का वादा किया था, लेकिन प्रेमी ने युवती को बिना बताए किसी दूसरी लड़की से सगाई कर ली। जब प्रेमिका को इसकी जानकारी हुई तो उसने प्रेमी से शादी करने की बात कही, लेकिन युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया। युवक ने युवती से कहा कि उसे जो करना है कर ले। इसके बाद युवती ने घर पहुंचकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला कोखराज थाना क्षेत्र का है। यहां करीब 24 वर्षीय युवती का गांव के ही रहने वाले नरेंद्र कुमार से पिछले 5 साल से प्रेम संबंध था। परिजनों के मुताबिक दोनों चोरी-छिपे एक दूसरे से मिलते थे और शादी करने का वादा भी किया था। इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने। लेकिन कुछ दिन पहले नरेंद्र कुमार ने किसी दूसरी लड़की से सगाई कर ली। इसकी जानकारी जब युवती को हुई तो वह प्रेमी के पास पहुंची और शादी करने की बात कही। युवती ने प्रेमी से कहा कि दोनों ने साथ जीने-मरने की कसम खाई है, ऐसे में वह किसी दूसरी लड़की से शादी नहीं कर सकता। लेकिन युवक ने शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि युवक ने युवती से यहां तक कह दिया कि उसे जो करना है कर ले, जहां डूबकर मरना है मर जा या जहर खाकर मर जा।

प्रेमी की इस बात से आहत युवती घर पहुंची और जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी नरेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले में साक्ष्यों और आरोपों की जांच कर रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor