कौशाम्बी: आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, रामलीला एवं रावण दहन कार्यक्रमों के दृष्टिगत पुलिस-प्रशासन ने रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा,
यूपी के कौशाम्बी जिले में आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, रामलीला एवं रावण दहन कार्यक्रमों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत एसडीएम मंझनपुर एवं सीओ मंझनपुर सौरभ सावंत के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना मंझनपुर द्वारा पुलिस बल एवं दंगा नियंत्रण दल के साथ कस्बा मंझनपुर में पैदल गश्त एवं रूट मार्च किया।
इस दौरान कस्बा मंझनपुर स्थित रामलीला मैदान, दुर्गा पूजा पंडाल तथा दशहरा एवं रावण दहन से संबंधित आयोजन स्थलों का भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा आमजन के सुचारु आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, जिससे त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
रूट मार्च के दौरान पुलिस बल को सतर्कतापूर्वक ड्यूटी करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही, त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री एवं अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। पुलिस-प्रशासन द्वारा कमेटी के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित आयोजन, सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देशों के अनुपालन तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कौशाम्बी पुलिस द्वारा त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर गश्त, सतर्क निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।
कौशाम्बी पुलिस की अपील: आगामी त्योहारों को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें।








