पुलिस लाइन में सीएम योगी के संवाद कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण,360 ग्राम चौकीदारों ने लिया हिस्सा,साइकिल और किट पाकर खिले चेहरे

कौशाम्बी: पुलिस लाइन में सीएम योगी के संवाद कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण,360 ग्राम चौकीदारों ने लिया हिस्सा,साइकिल और किट पाकर खिले चेहरे,

यूपी के कौशाम्बी जिले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ग्राम चौकीदारों के साथ संवाद कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बुधवार को पुलिस लाइन्स स्थित मनोरंजन गृह में डिजिटल वॉल स्क्रीन के माध्यम से किया गया। इस दौरान जनपद के सभी थानों से आए लगभग 360 ग्राम चौकीदार मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने ग्राम चौकीदारों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। बताया गया कि ग्राम चौकीदार सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, स्थानीय स्तर पर सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा पुलिस एवं आमजन के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के उपरांत जनप्रतिनिधियों द्वारा ग्राम प्रहरियों को उनके कर्तव्यों के निर्वहन में उपयोगी सामग्री के रूप में साइकिल, साफा, टॉर्च, सीटी एवं डोरी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्राम चौकीदारों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी कार्यक्षमता को और अधिक प्रभावी बनाना है।

कार्यक्रम में विधायक चायल पूजा पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, पूर्व सांसद कौशाम्बी विनोद सोनकर, पूर्व विधायक मंझनपुर लाल बहादुर, पूर्व विधायक सिराथू शीतला प्रसाद पटेल,डीएम डॉ अमित पाल, एसपी सत्यनारायण, एएसपी अमिता सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – अशोक केसरवानी, कौशाम्बी

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor