बकरी के विवाद में पड़ोस की मां-बेटी पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से पीटने से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत,पुलिस जांच में जुटी

कौशाम्बी: बकरी के विवाद में पड़ोस की मां-बेटी पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से पीटने से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत,पुलिस जांच में जुटी,

यूपी के कौशाम्बी जिले के चरवा थाना क्षेत्र के पश्चिम थोक में बकरी को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, पश्चिम थोक निवासी राकेश कुमार गुप्ता की पत्नी चेतना देवी का बीते 8 अक्टूबर को बकरी को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर पड़ोस में रहने वाली मां-बेटी ने घर में घुसकर चेतना देवी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में चेतना देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।

घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार शाम उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

परिजनों की ओर से इस मामले में चरवा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। महिला की मौत के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुट गई है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor