डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर साधा निशाना,बोले- वोट चोरी मुद्दा नहीं, वोटरों ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया

कौशाम्बी: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर साधा निशाना,बोले- वोट चोरी मुद्दा नहीं, वोटरों ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया,

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को कौशाम्बी पहुंचे। यहां उन्होंने इलाहाबाद झांसी स्नातक खंड के स्नातक MLC प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के समर्थन में आयोजित एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वोट चोरी कोई मुद्दा नहीं है, बल्कि जनता ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी 2047 तक देश की सत्ता में और अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर विदेश जाकर देश को बदनाम करने का आरोप भी लगाया।

EVM को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जाने वाले आरोपों पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनती है, वहां EVM सही रहती है, लेकिन चुनाव हारने पर EVM पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने इसे विपक्ष का दोहरा रवैया बताते हुए कहा कि जनता अब इन बातों को समझ चुकी है।

इस दौरान डिप्टी सीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं से स्नातक एमएलसी प्रत्याशी अशोक राठौर के समर्थन में जुटने और उन्हें भारी मतों से विजई बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा शिक्षित समाज और स्नातक मतदाताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर राजनीतिक आरोपों के जरिए जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

इस दौरान शिक्षक MLC बाबू लाल तिवारी,भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य,प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल,पूर्व सांसद विनोद सोनकर,पूर्व विधायक मंझनपुर लाल बहादुर,पूर्व विधायक सिराथू शीतला प्रसाद पटेल,पूर्व जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी,जिला महामंत्री ज्योति केसरवानी सहित तमाम भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor