धूमधाम से निकली भव्य राम बारात,जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा मंझनपुर कस्बा

कौशाम्बी: धूमधाम से निकली भव्य राम बारात,जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा मंझनपुर कस्बा,

यूपी के कौशाम्बी जिले में श्रीरामलीला कमेटी मंझनपुर के तत्वावधान में बुधवार की रात को भगवान श्रीराम की भव्य राम बारात यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, आकर्षक झांकियों और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच निकली राम बारात ने नगर का माहौल भक्तिमय बना दिया। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों का स्वागत किया।

राम बारात में सुसज्जित रथ पर भगवान सहित दोनों भाइयों के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे। बैंड-बाजे और धार्मिक धुनों के बीच श्रद्धालु जय श्रीराम के नारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। विभिन्न झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी राम बारात को देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सड़क किनारे जुटे रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने भगवान के स्वरूपों की आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा।

श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष आशीष कुमार केशरवानी उर्फ बच्चा भाई ने कहा कि राम जी की बारात केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का संदेश समाज तक पहुंचाने का माध्यम भी है। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor