कौशाम्बी: कौशाम्बी में सीट बेल्ट के चालान को लेकर ट्रैफिक पुलिस और पिकअप चालक में तीखी बहस,
यूपी के कौशाम्बी जिले में मंझनपुर थाना क्षेत्र के ओसा चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग के दौरान जमकर हंगामा हो गया। सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 1000 रुपये का चालान काटे जाने से नाराज पिकअप चालक और ट्रैफिक पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई।
बताया जा रहा है कि ओसा चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप को रोका गया। चालक ने सीट बेल्ट नहीं लगाया था, जिस पर पुलिस ने 1000 रुपये का चालान काट दिया।
चालान काटे जाने से चालक भड़क गया और पुलिस से बहस करने लगा। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पकड़ते नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।घटना के दौरान चौराहे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इस सम्बन्ध में प्रभारी ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार से बात की गई उन्होंने बताया कि जानकारी हुई है,कार्यवाही की जा रही है।








