कौशाम्बी: बुलेट बाइक और साइकिल में भिड़ंत,साइकिल सवार की मौत,बाइक सवार युवक भी घायल,
यूपी के कौशाम्बी जिले में शुक्रवार को तेज रफ्तार बुलेट और साइकिल सवार की भिड़ंत हो गई। हादसे में साइकिल सवार और बुलेट सवार युवक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान साइकिल सवार की मौत हो गई। घटना के बाद पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
घटना संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज की बैंक ऑफ बड़ौदा के पास की है, जहां गंगसरी गांव निवासी आजाद अहमद साइकिल से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही बुलेट ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आजाद अहमद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बुलेट चला रहा युवक फतेहपुर जिले के हुसैनमई गांव निवासी माहेश्वरी प्रसाद का 21 वर्षीय बेटा देवा भी घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद आजाद अहमद की जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुटी हुई है।








