कौशाम्बी: कौशाम्बी में माफिया अतीक अहमद के दो गुर्गो पर जमीन कब्जा करने के आरोप में मामला दर्ज,पूर्व में बुलडोजर से मकान ध्वस्तीकरण की हो चुकी है कार्रवाई,
यूपी के कौशाम्बी जिले में इलाहाबाद के दिवंगत माफिया अतीक अहमद के दो गुर्गों के खिलाफ पिपरी थाना पुलिस ने एसपी सत्यनारायण प्रजापत के आदेश पर मुकदमा कायम किया है। गुर्गों पर महिला ने जमीन कब्जा करने और अवैध असलहे लेकर दौड़ाने का आरोप लगाया है। डीएसपी ने जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कराने की बात कही है।
पिपरी थाना क्षेत्र के चायल कस्बा निवासी मुन्नी देवी प्रजापति पत्नी ज्ञान चंद्र ने बताया कि उसकी कस्बे में ही जमीन है। इसमें बाकायदा कब्जा भी है। आरोप है कि प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के हटवा निवासी फैज अख्तर व सऊद अख्तर उक्त भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता ने मई महीने में जमीन में चरी बोई थी।
आरोपियों ने पांच अगस्त 2026 को जेसीबी लगाकर खोदाई कराना शुरू कर दिया। अधिकारियों से शिकायत के बाद कुछ दिनों तक तो वह शांत रहे। इसके बाद 10 सितंबर को आरोपी फिर से निर्माण कराने लगे। विरोध करने पर अवैध असलहे लेकर दौड़ा लिया। दो नवंबर को पीड़िता बाउंड्री का निर्माण करा रही थी तो आरोपियों ने काम बंद करा दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी माफिया अतीक के गुर्गे हैं। अतीक की हत्या के बाद उनके खिलाफ भी मकान के ध्वस्तीकरण आदि की कार्रवाई हो चुकी है।
इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि महिला ने शिकायत की है,मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।








