कौशाम्बी: 62वां ऐतिहासिक गुम्बदे खजरा कॉन्फ्रेंस का पहला दिन सकुशल संपन्न,पैगंबर के जीवन से प्रेम-भाईचारे का दिया संदेश,
यूपी के कौशाम्बी जिले के जारी कस्बे में मुस्लिम नौजवान कमेटी की ओर से आयोजित 62वां दो दिवसीय ऐतिहासिक गुम्बदे खजरा कॉन्फ्रेंस का पहला दिन का जलसा सकुशल संपन्न हुआ। जलसे में कौशाम्बी सहित आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।
ऐतिहासिक कॉन्फ्रेंस मुस्लिम नौजवान कमेटी के तत्वावधान में, शेख अबू सईद एहसान उल्लाह के संरक्षण तथा मौलाना मोहम्मद इमरान हबीबी साहब की अध्यक्षता में हुई। जलसे का संचालन आरिफ हसन सिद्दीकी जबलपुरी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र कुरान की तिलावत से कारी मोहम्मद जाकिर साहब ने किया।
जलसे को संबोधित करते हुए मुफ्ती शफीकुल कादरी बरकाती ने लोगों को पैगंबर मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जीवन चरित्र, उनके आचरण एवं स्वभाव को अपने जीवन में ढालने की बात कही। उन्होंने आपसी प्रेम और भाईचारा को अपने जीवन में स्थापित करके समाज को अच्छा बनाने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि आज क्या हो गया है कि समाज का एक अंग ऐसी जगह आवास लेने से दूर भाग रहा है, जहां कोई मुसलमान रहता है। जबकि एक समय यह भी था कि सुल्तान-ए-हिंद ख्वाजा गरीब नवाज जहां बैठ जाते थे, लोग उनकी तरफ आकर्षित होकर चारों तरफ इकट्ठा हो जाते थे और उनके करीब बसने की दिली इच्छा रखते थे, क्योंकि ख्वाजा साहब पैगंबर के जीवन चरित्र और आचरण से सजे थे।
मुफ्ती साहब ने ईद के दिन अनाथ बच्चे से जुड़ा वाकया सुनाते हुए बताया कि पैगंबर ने उस बच्चे को अपने घर लाकर नया वस्त्र पहनाया और हजरत फातमा ने कहा कि वह कभी इस बच्चे को बिना पिता के होने का अनुभव नहीं होने देंगी।
उन्होंने ईसाई दार्शनिक माइकल एच हार्ट की 1978 में लिखी पुस्तक ‘द हंड्रेड’ का भी जिक्र किया, जिसमें दुनिया को प्रभावित करने वाले 100 महान पुरुषों में प्रथम स्थान पैगंबर मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम को दिया गया था। उन्होंने यहूदी मेहमान वाली घटना का जिक्र करते हुए पैगंबर की क्षमाशीलता और महानता को बताया।
जलसे में नातिया कलाम का भी दौर चला। शायरों ने अपनी-अपनी नातों से महफिल को गुलजार कर दिया।आरिफ हसन सिद्दीकी जबलपुरी ने कहा कि यह जान ले लो मगर दिल ना ले सकोगे मेरा, इसे तो रखा है सरकारे दो जहां के लिए,
अजहर नूरी कानपुरी ने कहा कि इतना रोशन जो फलक पर यह कमर लगता है, गुंबदे खजरा के जलवों का असर लगता है।
अबुल हसन नूरी कलकत्तवी ने कहा कि बु जहल ने पूछा आका से मुट्ठी में बताओ क्या है मेरी, फिर हुक्म नबी से मुट्ठी में कंकर भी पुकारा नबी नबी,
उस्मान अली डार्जिलिंग ने कहा कि मकान उनका ना फर्श जमीन न अर्शे बरी, वह अपने चाहने वालों के घर में रहते हैं,
वही अफजल इलाहाबादी ने कहा कि नक्श उभरे हैं हिज्रे तैबा के कितनी पुर कैफ बे करारी है,
शकील आरफी फर्रुखाबाद ने कहा कि फिरका, फिरका, मसलक, मसलक सैर सपाटे बंद करो, बस उतने में दीन है जितनी ज़हरा की फुलवारी है,
एहसान शाकिर आजमी ने कहा कि खोलता है तू मौला हर दिलों के दरवाजे, खोल दे तू हम पर भी रहमतों के दरवाजे।अंत में सलातो सलाम पढ़ा गया और देश-दुनिया में शांति की दुआ की गई।
इस अवसर पर मुफ्ती हबीबुल्लाह मिस्बाही, कारी रफीउल्लाह, हाफिज मोहम्मद रफीक, मौलाना मोहम्मद फहद अजहरी सहित इलाके के उलेमा बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अंत में मोहम्मद इमरान प्रधानाचार्य मदरसा जामिया इमदादुल उलूम ने सभी श्रोताओं के प्रति आभार प्रकट किया।








