कौशाम्बी: जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक,
यूपी के कौशाम्बी जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम डॉ. अमित पाल ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवम्बर, 2026 को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। इसके उपरान्त 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर, 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी, 2027 को होगा।
पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 01 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं एवं अवशेष पात्र महिलाओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किए जाने के लिए फार्म-6 प्राप्त किए जाएंगे। इसके लिए बी.एल.ओ., पदाभिहित स्थलों तथा संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में आवेदन किया जा सकेगा।दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान की तिथियां 21 एवं 22 नवम्बर तथा 28 एवं 29 नवम्बर, 2026 निर्धारित की गई हैं।
इसके अतिरिक्त 18 नवम्बर, 2026 को बी.एल.ओ. द्वारा ग्राम सभा एवं वार्ड स्तर पर ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, सभासद, वालंटियर, बीएलए एवं स्थानीय प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आलेख्य निर्वाचक नामावलियों को पढ़कर सुनाया जाएगा। साथ ही निर्वाचक नामावली में पाई गई त्रुटियों के संबंध में संबंधित मतदाताओं से फार्म-8 भरवाने की कार्यवाही की जाएगी।
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अनुमोदित मतदान स्थलों के अनुसार मतदान स्थलवार बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करते हुए उनकी सूची संबंधित क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराएं, जिससे निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शालिनी प्रभाकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।








