निर्देश व यशु के दम पर फाइनल में पहुंची मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन,निर्देश की घातक गेंदबाजी और यशु की आतिशी पारी से मेरठ ने एचसीए हरियाणा को चार विकेट से हराया

कौशाम्बी: निर्देश व यशु के दम पर फाइनल में पहुंची मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन,निर्देश की घातक गेंदबाजी और यशु की आतिशी पारी से मेरठ ने एचसीए हरियाणा को चार विकेट से हराया,

यूपी के कौशाम्बी जिले के करारी में चल रहे ऑल इंडिया रिजवी कप क्रिकेट प्रतियोगिता में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने रिजवी कप के लिए आयोजित 16वीं आबिश एवं शाकिब रिजवी स्मारक ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में एचसीए (हरियाणा) को चार विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ मेरठ की टीम ने खिताबी मुकाबले में जगह बनाई, जहां बुधवार को उसका सामना उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से होगा। मेरठ की जीत में निर्देश बैसोया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि यशु प्रधान ने 50 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 72 रन की आतिशी पारी खेली।

मंगलवार को करारी स्थित रिजवी कॉलेज मैदान पर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एचसीए हरियाणा की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में नौ विकेट पर 218 रन बनाए। टीम की ओर से रजत पालीवाल ने 86, शिवम सिंह ने 28, शुभम लाम्बा ने 26 और हिमांशु राणा ने 16 रन का योगदान दिया। मेरठ की ओर से निर्देश बैसोया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ ओवर में 34 रन देकर चार विकेट हासिल किए। अजय कुमार ने दो, जबकि शुभ मिश्रा, अंकुर चौहान और प्रशांत चौधरी ने एक-एक विकेट लिया।

जवाब में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने 37.4 ओवर में छह विकेट पर 220 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यशु प्रधान ने 72 रन की शानदार पारी खेली, जबकि संदीप तोमर ने 49 और प्रशांत चौधरी ने 34 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। सत्यम संगू ने भी 28 रन का योगदान दिया। हरियाणा की ओर से योगेश कुमार और अंकित रेधु ने दो-दो, जबकि शिवम सिंह और ध्रुव यादव ने एक-एक विकेट लिया।

मैच के बाद उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर प्रिंस रियासत अली एवं यूपीसीए के मीडिया इंचार्ज मो. तालिब ने निर्देश बैसोया को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया। मुकाबले में शिशिर मेहरोत्रा और आले हसन ने अंपायर तथा प्रितेश सोनकर ने स्कोरर की भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में बुधवार को खिताबी मुकाबला उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के बीच खेला जाएगा।जिसके मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की क्रिकेट डेवलपमेंट कमेटी के चेयरमैन अरविंद श्रीवास्तव होंगे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor