कौशाम्बी: महिला थाने के सामने रिटायर्ड DFO के घर दिनदहाड़े लाखों की चोरी, मंझनपुर में एक सप्ताह में तीसरी बड़ी वारदात,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में मंझनपुर थाना इलाके में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। महिला थाने के ठीक सामने रिटायर्ड DFO के घर दिनदहाड़े बेखौफ चोरों ने ताला तोड़कर करीब 3 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
रिटायर्ड DFO पीके सिन्हा के घर में दिनदहाड़े चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने अलमारी और बक्से खंगालकर करीब 3 लाख रुपये का माल पार कर दिया।रात करीब 8 बजे जब चौकीदार घर पहुंचा तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चौकीदार ने तुरंत इसकी सूचना घर मालिक और पुलिस को दी।
रिटायर्ड DFO के घर चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
मंझनपुर में एक सप्ताह के अंदर यह तीसरी बड़ी चोरी की वारदात है। इसके पहले एक बंद मकान से 15 लाख और डॉक्टर के आवास से लाखों की चोरी हो चुकी है। लगातार हो रही चोरियों से लोगों में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।








