लघु नाटक के माध्यम से छात्र छात्राओं को संविधान एवं राज्य के नीति निदेशक तत्वों के प्रति किया गया जागरूक

कौशाम्बी: लघु नाटक के माध्यम से छात्र छात्राओं को संविधान एवं राज्य के नीति निदेशक तत्वों के प्रति किया गया जागरूक,

यूपी के कौशाम्बी जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुबलाल इंटर कॉलेज भरवारी में संविधान दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लघु नाटक के माध्यम से भारतीय संविधान के निर्माण, संविधान सभा की बैठकों, संविधान निर्माण की प्रक्रिया तथा संविधान सभा में विभिन्न प्रस्तावों को किसने और किस प्रकार प्रस्तुत किया, इसकी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव प्रिया सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, समानता एवं नागरिकों के मौलिक अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही संविधान के भाग-4 में वर्णित राज्य के नीति निदेशक तत्व (DPSP) के महत्व, अनुच्छेद 36 से 51 तथा सरकार के दायित्वों के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि नीति निदेशक तत्वों का उद्देश्य देश में सामाजिक एवं आर्थिक न्याय स्थापित करना तथा जनकल्याणकारी राज्य की स्थापना करना है।

इस अवसर पर सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा संविधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कौशाम्बी के पैरालीगल वालंटियर (PLV) कृष्णा कपूर, विद्यालय के प्रधानाचार्य धनंजय द्विवेदी, जीवन लाल चौधरी, उमेश कुमार, रोशन लाल, मनोज कुमार, सुशील पटेल एवं पीयूष सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor