कौशाम्बी: स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए सीडीओ ने की विभागवार समीक्षा, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्व-गणना प्राथमिकता पर पूर्ण कराने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी जिले में जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान को जनपद में व्यापक स्तर पर सफल बनाने एवं अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी की अध्यक्षता में सरस हाल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में स्व-गणना अभियान की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान मंडल प्रभारी अजय कुमार एवं जिला प्रभारी राज कुमार द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं विभागीय नोडल अधिकारियों को स्व-गणना की संपूर्ण प्रक्रिया का विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से स्व-गणना करने, आवश्यक जानकारियां दर्ज करने तथा स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्व-गणना प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने यहां कार्यरत सभी कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करे तथा इस कार्य को विभागीय स्तर पर अभियान के रूप में संचालित करे। साथ ही कर्मचारियों के परिवारजनों एवं उनके संपर्क में आने वाले आम जनमानस को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग में स्व-गणना की नियमित निगरानी करें, कर्मचारियों को प्रक्रिया समझाएं तथा यदि किसी को स्व-गणना करने में कोई तकनीकी अथवा अन्य समस्या आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित कराएं।
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि जनगणना केवल सरकारी कार्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। इसमें प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्व-गणना के माध्यम से आम जनमानस स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकता है।








