कौशाम्बी: विश्व मत्स्यिकी दिवस पर संगोष्ठी एवं शिविर का हुआ आयोजन, 84 मत्स्य पालकों ने किया प्रतिभाग,
यूपी के कौशाम्बी जिले में विश्व मत्स्यिकी दिवस 2026 के शुभ अवसर पर शनिवार को विकास भवन स्थित सरस हॉल में मत्स्य विभाग के सौजन्य से संगोष्ठी एवं शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धर्मेन्द्र कुमार निषाद, जिलाध्यक्ष निषाद पार्टी, शान्तनु कुमार निषाद,सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी एवं उप निदेशक मत्स्य, प्रयागराज मंडल मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 84 मत्स्य पालकों एवं मछुआ समुदाय के व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम में मत्स्य पालकों की सुविधा के लिए एनएफडीपी (NFDP) कैंप एवं केसीसी (KCC) कैंप भी लगाए गए। संगोष्ठी में सर्वप्रथम सहायक निदेशक मत्स्य, कौशाम्बी द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सीडीओ का स्वागत किया गया। इसके उपरांत उप निदेशक मत्स्य, प्रयागराज मंडल द्वारा मत्स्य विभाग में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
सहायक निदेशक,मत्स्य द्वारा मत्स्य पालकों को मत्स्य व्यवसाय के माध्यम से होने वाले लाभ, स्वरोजगार की संभावनाओं तथा विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
संगोष्ठी में जनपद के प्रगतिशील मत्स्य पालक अजय प्रकाश ने अपने मत्स्य पालन के अनुभवों को साझा करते हुए उपस्थित मत्स्य पालकों एवं मछुआ समुदाय के लोगों को वैज्ञानिक एवं मानक के अनुरूप मत्स्य पालन व्यवसाय अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने मत्स्य पालन के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं एवं इससे होने वाले लाभों के बारे में जानकारी देते हुए सभी को इस व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।
सीडीओ एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना एवं निषादराज बोट सब्सिडी योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को चयन/स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही शिविर में एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीकृत लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य मत्स्य पालन को बढ़ावा देना, मत्स्य पालकों एवं मछुआ समुदाय को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें मत्स्य व्यवसाय के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।








