कौशाम्बी: शौच को निकले 14 साल के किशोर का बाग़ में शव मिलने से मचा हड़कंप,हत्या की आशंका,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सैनी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर मढ़ियामई गांव में शनिवार की शाम को शौच के लिए घर से निकले 14 साल के किशोर का रविवार को शव सुबह बाग में मिलने से हड़कंप मच गया।मृतक की पहचान छोटू पुत्र स्वर्गीय राम लखन के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि छोटू कल शाम को शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।सुबह गांव के बाहर उसका शव मिलने की सूचना पर पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोर की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।








