कौशाम्बी: पुलिस झंडा दिवस पर कौशाम्बी में एसपी ने फहराया पुलिस ध्वज, दी सलामी,
उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में 23 नवंबर का दिन विशेष महत्व रखता है। इस दिन को ‘पुलिस झंडा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रति वर्ष सैनिक कल्याण के लिए झंडे के स्टीकर जारी किए जाते हैं तथा पुलिस ध्वज फहराकर ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट किया जाता है।
इसी क्रम में सोमवार को एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने पुलिस लाइन्स कौशाम्बी स्थित क्वार्टर गार्ड पर पुलिस ध्वज फहराकर सलामी देते हुए सम्मान प्रकट किया। उन्होंने उपस्थित समस्त पुलिस कर्मियों को पुलिस झंडा दिवस के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश पुलिस का संदेश पढ़कर सुनाया।
एसपी ने अपने संबोधन में कहा कि यह ध्वज हमारे गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। पुलिस ध्वज को फहराने और उसके प्रति सम्मान प्रदर्शित करते समय हमें स्वाभिमान एवं गर्व की अनुभूति होती है। हम सभी में कर्तव्यनिष्ठा की नई ऊर्जा संचारित होती है। यह ध्वज हमें नए जोश और उत्साह के साथ कर्तव्य पालन के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि इतिहास हमारे निष्ठावान साथियों की अनवरत ड्यूटी, कर्तव्य परायणता, जनसेवा, पराक्रम तथा कर्तव्य पथ पर प्राणोत्सर्ग करने वाले आत्म बलिदानी वीर साथियों की अनगिनत गाथाओं का साक्षी है। सर्वप्रथम उत्तर प्रदेश पुलिस को उनके शौर्य के लिए सम्मानित करते हुए 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री श्री पंडित जवाहर लाल नेहरू जी ने पुलिस कलर (पुलिस ध्वज) प्रदान किया था। प्रत्येक वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पुलिस ध्वज का प्रतीक (स्टीकर) वर्दी की बाईं जेब के ऊपर धारण किया गया। यह सिलसिला 23 नवंबर 1952 से लगातार जारी है। कार्यक्रम के दौरान सीओ यातायात, प्रतिसार निरीक्षक व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में एएसपी अमिता सिंह ने पुलिस कार्यालय में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ, समस्त सीओ द्वारा अपने-अपने कार्यालय पर एवं जनपद के समस्त थानों और कार्यालयों पर संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने परिसर में एकत्रित पुलिस बल के साथ पुलिस ध्वज फहराकर ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए पुलिस झंडा दिवस मनाया गया व झंडे को सलामी दी गई। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश पुलिस के संदेश को पढ़कर सुनाया गया।








