अवध के विवाह संस्कार गीतों को सहेजने की पहल,कनकधारा की आठ दिवसीय कार्यशाला शुरू

प्रयागराज: अवध के विवाह संस्कार गीतों को सहेजने की पहल,कनकधारा की आठ दिवसीय कार्यशाला शुरू,

प्रयागराज में अवध की पारंपरिक विवाह परंपराओं और संस्कार गीतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र एवं कनकधारा संस्था की ओर से आठ दिवसीय नृत्य एवं संगीत कार्यशाला का शुभारंभ रविवार को केंद्र परिसर में हुआ। 29 नवंबर से छह दिसंबर तक चलने वाली इस कार्यशाला में प्रतिदिन दोपहर एक से चार बजे तक प्रतिभागियों को अवध के पारंपरिक विवाह गीतों और उनसे जुड़ी रस्मों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी और चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम सलाहकार कल्पना सहाय के साथ संजय श्रीवास्तव, रिचा सिंह और अन्य अतिथियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

वक्ताओं ने कहा कि लोकगीत हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण और मंचीय प्रस्तुतियों को बढ़ावा देना जरूरी है।

कनकधारा संस्था की अध्यक्ष एवं कार्यशाला संयोजक स्वाती निरखी ने कहा कि अवध के विवाह और संस्कार गीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनमें हमारी पारिवारिक परंपराएं, सामाजिक रीति-रिवाज और लोकजीवन की झलक मिलती है। बदलते समय में कई पारंपरिक गीत और रस्में धीरे-धीरे भुलाई जा रही हैं। ऐसे में इन्हें सीखना और सहेजना जरूरी है।

कार्यशाला में बनारस घराने की ए ग्रेड लोक गायिका आश्रया द्विवेदी प्रशिक्षण दे रही हैं। प्रतिभागियों को बन्ना-बन्नी, विवाह मंगल, सुहाग, मटमंगरा, द्वारपूजा, परछन, कोबर, गारी और विदाई जैसे पारंपरिक गीतों एवं रस्मों की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला में महिला और पुरुष, किसी भी आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

इस आयोजन में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा और उपनिदेशक डॉ. मुकेश उपाध्याय का विशेष मार्गदर्शन और सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरुषार्थी ने किया। इस अवसर पर निशीथ वर्मा, बीके कश्यप, नीरज जायसवाल और क्षेत्रीय पार्षद पंकज जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor