कौशाम्बी: डॉ. रिज़वी कॉलेज ऑफ लॉ में धूमधाम से मनाया गया संविधान दिवस, इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र,
यूपी के कौशाम्बी जिले में डॉ. एएच रिज़वी एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं सचिव कर्रार हुसैन रिज़वी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में डॉ. रिज़वी कॉलेज ऑफ लॉ में संविधान दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अब्दुल शाहिद उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, आदर्शों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति अब्दुल शाहिद ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान से बढ़कर कुछ नहीं है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान का सम्मान करे तथा उसके मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करे। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए न्यायमूर्ति ने कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करने वाले विद्यार्थी भविष्य में न्यायिक, प्रशासनिक एवं अन्य उच्च संवैधानिक पदों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय अनमोल है, इसलिए विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, आचरण और कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुहम्मद जफर ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के साथ-साथ संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम सदर राजकुमार, सिविल जज जूनियर डिवीजन कौशाम्बी वसुंधरा सहित अजय दुबे, संगीता कपाड़िया, विपुल तिवारी, हुसैन फात्मा, डॉ. कुलदीप यादव, एजाज अहमद, अखिलेश कुमार, डॉ. महविष तलत, स्प्रिंग फील्ड के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र पांडेय, इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक प्रोफेसर डॉ. अनीस अफजल तथा डिग्री कॉलेज के प्राचार्य राजेश सक्सेना सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं,चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल अमित कुमार मिश्रा एवं पीएलवी कृष्णा कपूर उपस्थित रहे।








