कौशाम्बी: एक स्वर, एक संविधान थीम पर संविधान दिवस समारोह आयोजित, 65,476 विद्यार्थियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन,
यूपी एक कौशाम्बी जिले में उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बद्री विशाल पाण्डेय की अध्यक्षता में भारत के 77वें संविधान दिवस के एतिहासिक अवसर पर “एक स्वर, एक संविधान” थीम के तहत एक विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन दुर्गा देवी इण्टर कालेज, ओसा में किया गया।
इस कार्यक्रम में 1,767 बच्चों के अतिरिक्त न्यायिक अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, नोडल अध्यापक एवं अन्य अध्यापक उपस्थित रहें, जिन्हें सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रिया सिंह द्वारा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया।
प्रस्तावना वाचन के उपरान्त कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों को संविधान दिवस के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गयी तथा यह भी बताया गया कि इसका उद्देश्य नागरिकों को भारतीय संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र की एकता का सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश बद्री विशाल पाण्डेय ने बताया कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। “एक स्वर, एक संविधान” का संदेश हमें याद दिलाता है कि विविधताओं से भरे हमारे देश में संविधान ही वय सूत्र है जो हम सभी को समान अधिकार और न्याय प्रदान करता है।
कार्यक्रम के उपरान्त जनपद के विभिन्न विद्यालयों द्वारा छात्रों के मध्य प्रश्नोत्तरी, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्रों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
दुर्गा देवी इण्टर कालेज, ओसा में 1,767 छात्रों एवं जनपद के अन्य विभिन्न विद्यालयों में 63,709 छात्रों, कुल 65,476 छात्रों द्वारा संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया तथा वर्तमान में जनपद के 210 विद्यालयों में लीगल लिटरेसी क्लब स्थापित है, जोकि कार्यरत है। कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने संविधान के आदर्शों को जीवन में उतारने का आवाहन किया।








