कौशाम्बी: संविधान दिवस पर एन.आई.सी. सभागार में संविधान की प्रस्तावना का किया गया सामूहिक पाठन,
यूपी के कौशाम्बी जिले में संविधान दिवस के अवसर पर एन.आई.सी. सभागार में डीएम डॉ. अमित पाल की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठन करते हुए संविधान में निहित मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सामूहिक पाठन के माध्यम से संविधान की मूल भावना को आत्मसात करने, संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, पारदर्शिता, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करने का संदेश दिया गया।
संविधान दिवस भारतीय संविधान के निर्माण, उसके महत्व तथा देश के लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था के मूल आधारों को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्श भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं। इन मूल्यों के अनुरूप प्रत्येक नागरिक एवं लोक सेवक का दायित्व है कि वह संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए राष्ट्र एवं समाज के हित में कार्य करे।
इस अवसर पर डीएम डॉ. अमित पाल एवं एडीएम शालिनी प्रभाकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








