कौशाम्बी: कौशाम्बी में पीड़ित के बिना मौजूदगी और सहमति के सुलहनामा तैयार करने का आरोप,चौकी इंचार्ज की भूमिका पर सवाल,पीड़ित ने DGP से की शिकायत,
यूपी के कौशाम्बी जिले की सराय अकिल थाना क्षेत्र की कनैली पुलिस चौकी में एक विवाद के मामले में कथित तौर पर तीसरे पक्ष की गैरमौजूदगी और बिना सहमति के सुलहनामा तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में कनैली चौकी इंचार्ज की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। मामले को लेकर दिल्ली के पत्रकार अवनीश शर्मा ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक विवाद के मामले में सुलहनामा तैयार किया गया, जबकि उससे प्रभावित तीसरा पक्ष मौके पर मौजूद नहीं था। शिकायतकर्ता के अनुसार संबंधित व्यक्ति से न तो सहमति ली गई और न ही उसकी जानकारी में समझौते की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बावजूद कथित सुलहनामे में 9 हजार रुपये का उल्लेख कर दिया गया।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब संबंधित तीसरा पीड़ित पक्ष मौके पर मौजूद नहीं था और उसने समझौते के लिए अपनी सहमति भी नहीं दी थी, तो फिर उसके संबंध में सुलहनामा किस आधार पर तैयार किया गया ? क्या चौकी इंचार्ज ने संबंधित पक्षों की मौजूदगी और सहमति का सत्यापन किया था ? क्या सुलहनामे में दर्ज 9 हजार रुपये के उल्लेख को लेकर संबंधित व्यक्ति का बयान या सहमति ली गई थी ? इन सवालों का जवाब अभी तक सामने नहीं आया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पहले एसपी के समक्ष भी यह मामला उठाया गया था। हालांकि आरोप है कि अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई सामने नहीं आई। इसके बाद मामले को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के संज्ञान में लाते हुए वरिष्ठ स्तर पर जांच की मांग की गई है।








