कौशाम्बी: डीएम ने की नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा,ईओ और जेई भरवारी से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने गुरुवार को एन.आई.सी. सभागार में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
डीएम ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अन्तर्गत नगर-निकायों में कराए जा रहें कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत चरवा में कार्य लम्बित पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधिशासी अधिकारी को सभी कार्य माह दिसम्बर, 2026 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने बैठक में अनुपस्थित पाए जाने पर अधिशासी अधिकारी एवं अवर अभियंता भरवारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने 15वॉ वित्त आयोग, वंदन योजना, आकांक्षी नगर योजना एवं सीवरेज व जल निकासी योजना आदि के अन्तर्गत निकायवार कराए जा रहें कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराई जाए। इ
सके साथ ही उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्माण कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण एवं मौके पर भ्रमण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नगर पंचायत पश्चिम शरीरा में निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधिशासी अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
डीएम ने परिषदीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ करने के लिए कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से कहा कि जिन परिषदीय विद्यालयों में बाउंड्रीवाल व एप्रोच रोड आदि का कार्य कराया जाना हैं, संबंधित अधिशासी अधिकारी से समन्वय कर कार्य करवाया जाए। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने नगर निकाय में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करा दिया जाए। उन्होंने आमजन के लिए जारी हेल्पलाइन और टोल फ्री नंबर पर अब तक प्राप्त शिकायतों की जानकारी प्राप्त करते हुए अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने अधिशासी अधिकारियों से कहा कि नगर निकायों में स्थित जलाशयों पोखर व तालाब तथा पार्क का संरक्षण एवं जीर्णोद्धार कराई जाए। उन्होंने डूडा के कार्यों की समीक्षा के दौरान एसडीएम/ परियोजना अधिकारी से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने के नाम पर लाभार्थियों से पैसा लेने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नगर पंचायत दारानगर, चायल एवं पश्चिम शरीरा में निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान सहायक अभियंता,जल निगम (नगरीय) को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।








