कौशाम्बी: महात्मा ज्योतिबा फुले राजकीय पॉलिटेक्निक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित,
यूपी के कौशाम्बी जिले में महात्मा ज्योतिबा फुले राजकीय पॉलिटेक्निक में “AI in Governance – AI Sensitisation Training” विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला में संस्थान के लगभग 40 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सरकारी प्रशासन एवं शासन व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की उपयोगिता, संभावनाओं तथा व्यावहारिक अनुप्रयोगों से प्रतिभागियों को परिचित कराना था।
मुख्य अतिथि सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने संबोधन में शासन एवं प्रशासन में आधुनिक तकनीकों तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीक के प्रभावी एवं जिम्मेदार उपयोग से सरकारी कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, सरल, त्वरित एवं जनोपयोगी बनाया जा सकता है।
विशेषज्ञ आनंद यादव ने अपने व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रस्तुतिकरण के माध्यम से बताया कि AI का उपयोग सरकारी कार्यों के सरलीकरण, डेटा विश्लेषण, अभिलेख प्रबंधन, त्वरित निर्णय प्रक्रिया, नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा प्रशासनिक कार्यों की दक्षता बढ़ाने में प्रभावी रूप से किया जा सकता है। उन्होंने विभिन्न AI टूल्स के उपयोग एवं उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी।
प्रधानाचार्य सुजीत कुमार सिंह ने संबोधन में कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में AI का ज्ञान एवं उसका व्यावहारिक उपयोग समय की आवश्यकता है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नवीन तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ शासकीय कार्यों में नवाचार एवं कार्यकुशलता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








