कौशाम्बी: विज्ञान क्लब द्वारा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता हेतु वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम संपन्न,
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश शासन) के दिशा निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब कौशाम्बी द्वारा विज्ञान लोकप्रियकरण एवं संचार कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय बालिका हाई स्कूल कसिया, विकास खंड सिराथू में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता हेतु वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विशेषज्ञो द्वारा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर वैज्ञानिक व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। विभिन्न माध्यमिक एवं बेसिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने मॉडल एवं पोस्टर प्रदर्शनी एवं मौखिक विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक लाल बाबू मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य एवं स्वच्छता हमारे सफल जीवन के लिए अहम है। विद्यार्थियों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की प्रवृत्ति जागृत होना चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी को स्वास्थ्य- स्वच्छता के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समझना आवश्यक है। उनमें वैज्ञानिक क्षमता का विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विज्ञान समझने के लिए तर्क का होना आवश्यक है। तार्किक शक्ति के द्वारा ही विद्यार्थी नवाचार एवं नवीन तकनीक विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहकर बेहतर मस्तिष्क का विकास करें एवं उच्च शिक्षा हासिल करें।
कार्यक्रम में नेहरू ग्राम भारतीय डीम्ड यूनिवर्सिटी प्रयागराज की विशेषज्ञ डॉ0 किरन गुप्ता ने बच्चों को बताया कि स्वस्थ रहने के लिए हमारी दिनचर्या वैज्ञानिक होनी चाहिए। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग से सतर्क रहने एवं उससे पर्यावरण एवं स्वास्थ्य को होने वाली क्षति को बताया ।
उन्होंने कहा कि अत्यधिक कार्बन उत्सर्जन से ग्लोबल वार्मिंग की समस्या एवं पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है, हमारा रहन-सहन वैज्ञानिक तरीके से होना चाहिए। जीवन यापन के लिए प्रकृति द्वारा दिए गए स्रोतों को आवश्यकता अनुसार उपयोग कर भविष्य के लिए संरक्षित रखना है।
उन्होंने कहा कि पीने योग्य जल बहुत ही प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। इसलिए इसे संरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है। जल के गलत दोहन से निरंतर जल स्तर गिरता जा रहा है। जिससे स्वच्छ पेयजल उपलब्धता की समस्या गंभीर होती जा रही है। दूषित पेयजल से बचकर हम विभिन्न गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को बताया कि हमारे भोजन में सभी आवश्यक पोषक तत्व कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन और खनिज युक्त पदार्थ का होना आवश्यक है। स्वस्थ शरीर एवं मस्तिष्क के लिए संतुलित भोजन आवश्यक है। विद्यार्थियों को फास्ट फूड से बचने की सलाह दी ।
इसी क्रम में इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज प्रयागराज के विशेषज्ञ डॉ0 संजय श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों में मिलावट, जल की उपलब्धता, शुद्धता, शोधन एवं उचित उपयोग के विषय में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने खान-पान को नियंत्रित रखें, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों से सावधान रहें। उन्होंने दूध, खाद्य तेल, हल्दी, जीरा, काली मिर्च, इलायची आदि की शुद्धता की जांच की प्रयोग एवं जांच करने की घरेलू विधियां भी बताई।
उन्होंने बताया कि इलायची और लौंग जैसे पदार्थ से इसके तेल एवं पोषक तत्व को निकालकर अशुद्ध रूप में मार्केट में बेचा जाता है। जो हमारे सेहत के लिए लाभप्रद नहीं रहता। उन्होंने विभिन्न प्रकार की कम्युनिकेबल एवं नॉन कम्युनिकेबल बीमारियों रक्तचाप, मधुमेह, लीवर, किडनी एवं कैंसर जैसे गंभीर बीमारियों के लक्षण एवं उनसे बचने के उपाय भी बताएं ।
इस अवसर पर विज्ञान संचारक आयूष साहू ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर अपने विचार व्यक्त किए। आयोजित पोस्टर एवं मॉडल प्रदर्शनी मूल्यांकन किया।
समन्वयक जिला विज्ञान क्लब वसीम अहमद ने कार्यक्रम के उद्देश्य को बताते हुए कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के दिशा निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब के द्वारा विद्यार्थियों एवं आम जनमानस में विज्ञान का प्रचार प्रसार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना और बच्चों के अंदर वैज्ञानिक चेतना जागृत हो इसी क्रम में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा हमारी दिनचर्या वैज्ञानिक तरीकों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मानव के अप्राकृतिक रहन-सहन से वायुमंडल का ताप लगातार बढ़ रहा है असमय गर्मी और समय से वर्षा का न होना चिंता का विषय है।
कार्यक्रम में आयोजित पोस्टर प्रदर्शनी में नंदनी देवी (कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, कसिया सिराथू)प्रथम, छवि (सेंट फ्रांसिस स्कूल बेरुआ) द्वितीय एवं मीनाक्षी (राजकीय हाई स्कूल कसिया) तृतीय स्थान पर रही।
इसी प्रकार मॉडल प्रदर्शनी में प्रियल सोनी (नन्दी वाणी पब्लिक स्कूल भरवारी)प्रथम, महक तिवारी (भवन्स मेहता विद्याश्रम भरवारी) द्वितीय एवं शिखा आनंद (एन0डी0 कॉन्वेंट भरवारी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मौखिक विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पी एम श्री कंपोजिट विद्यालय कसिया की राधिका, निखिल, राजकीय हाई स्कूल कसिया की आकांक्षा, चुनमुन, तथा राधिका पांडेय चयनित हुई।
सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि वैज्ञानिक जिला विद्यालय निरीक्षक लाल बाबू मौर्या ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्या, राजकीय बालिका हाई स्कूल कसिया कविता सिंह ने सभी अतिथियों, वैज्ञानिकों एवं विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित कर आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय के प्राध्यापक सचिन कुमार ओझा, डॉ0 दीपा सिंह, प्रतिभा सिंह, धर्मेन्द्र पाठक, विकास चन्द्र केसरवानी, ज्योति राज, अनिता नायक, अमृता कुशवाहा, नाजमीन आदि उपस्थित रहीं।








