कौशाम्बी: डीएम ने की जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक,निष्क्रिय आशाओं को हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में उदयन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
डीएम ने सीएमओ से कहा कि एक सप्ताह के अन्दर जनपद के सभी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों व अन्य स्टॉफ की उपस्थिति बायोमैट्रिक के माध्यम से सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों से कहा कि शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जाय। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लाभार्थियों एवं आशाओं के भुगतान में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारियों से विगत माह में मातृ एवं शिशु मृत्यु के कारणों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रसव केन्द्रों से सम्बन्धित सभी स्टॉफ नर्स एवं ए.एन.एम. को समुचित प्रशिक्षण दिलाई जाए।
डीएम ने सी.एच.ओ. के कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि ठीक प्रकार से कार्य न करने वाले/कार्य में शिथिलता बरतने वाले सी.एच.ओ. के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। उन्होंने आभा आई.डी. के कार्य में प्रगति लाने एवं एम.सी.पी. कार्ड पूर्ण रूप से भरे जाने के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारियों से कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत कार्ययोजना बनाकर लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के कार्य में तेजी से प्रगति सुनिश्चित की जाय। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी से कहा कि सैम बच्चो को चिन्हित कराकर, उन्हें पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराई जाए।
डीएम ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अन्तर्गत अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा के दौरान सम्बन्धित अधिकारियों को अपने विभाग से सम्बन्धित कार्यों/गतिविधियों को सम्पादित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाय।
बैठक में सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जनपद में 09 निष्क्रिय आशाओं को चिन्हित किया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियो को निर्देशित किया कि इन आशाओं को हटाने की कार्यवाही की जाए तथा इनके स्थान पर नई आशाओं के चयन की कार्यवाही सुनिश्चित किया जाय।
बैठक में सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी,सीएमओ डॉ. संजय कुमार एवं सी.एम.एस. डॉ. सुनील शुक्ला सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।








