कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज मे तीन दिवसीय ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का शानदार आयोजन,
यूपी के कौशाम्बी जिले में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में 16 अप्रैल 2026 से 18 अप्रैल 2026 तक “शक्ति वंदन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिसका मुख्य लक्ष्य समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डा0 हरिओम कुमार सिंह द्वारा किया गया एवं अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक सामाजिक आवश्यकता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने उपस्थित संकाय सदस्यों, चिकित्सा कर्मियों व विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
तीन दिवसीय इस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें महिला स्वास्थ्य से संबंधित विशेष व्याख्यान, जैसे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया, मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर जागरूकता सत्र शामिल रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा छात्र-छात्राओं को महिला स्वास्थ्य, सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों द्वारा सेमीनार, नुक्कड़ नाटक, एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं एवं कालेज परिसर में रैली का आयोजन किया गया, जिनका मुख्य विषय “नारी सम्मान एवं सशक्तिकरण” रहा।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं लैंगिक असमानता के विरुद्ध संदेश देने का प्रयास किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य महोदय ने सभी प्रतिभागियों, एवं सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता लाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी महाविद्यालय द्वारा ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं महाविद्यालय में अध्यनरत एम0बी0बी0एस0 प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र- छात्राये उपस्थित रहे।








