मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ,शिक्षकों को वितरित किए गए कैशलेस हेल्थ कार्ड

कौशाम्बी: मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ,शिक्षकों को वितरित किए गए कैशलेस हेल्थ कार्ड,

उत्तर प्रदेश गौसेवा आयोग सदस्य राजेश सिंह सेंगर, अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर एवं विधायक चायल पूजा पाल ने उदयन सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

उत्तर प्रदेश गौसेवा आयोग सदस्य ,अध्यक्ष जिला पंचायत एवं विधायक चायल ने शिक्षकों-अनिल कुमार सिंह, राम बाबू दिवाकर, विनय कुमार सिंह, ओमदत्त त्रिपाठी, विपिन कुमार, विभा सिंह, नीरज शुक्ला, सोनी केशरवानी, अनंत कुमार सिंह, आशीष शुक्ला, राकेश कुमार, मोहम्मद अयूब सिद्दीकी व धर्मेश कुमार मिश्रा को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किया।

उत्तर प्रदेश गौसेवा आयोग सदस्य ने भारत का भविष्य गढ़ने वाले शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सौभाग्यशाली हैं कि आप शिक्षक हैं। शिक्षक देश का आधार होता है। शिक्षक राष्ट्र का निर्माता है। शिक्षक समाज का दर्पण होता है। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की, कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ ही साथ बच्चों को संस्कार भी प्रदान करें तथा उनमें राष्ट्रभावना भी जागृत करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। यह शिक्षकों के सहयोग से ही संभव है, शिक्षकों के सहयोग से देश को 2047 तक विकसित बनाया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ ही बच्चों से नवाचार भी कराया जाए।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

विधायक चायल ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश में शिक्षा एवं शिक्षकों के हित में अनेक कल्याणकारी कार्य किए हैं। सरकार बच्चों के उज्जवल भविष्य एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। सरकार ने सराहनीय पहल करते हुए शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षकों एवं उनके परिवार की स्वास्थ्य की चिंता करते हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू कर लाभान्वित करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा बच्चों को यूनिफॉर्म, जूता-मौजा आदि के लिए उनके अभिभावकों के खातों में रूपये-1200 हस्तांतरित किया गया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि आप लोग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। बच्चे देश के भविष्य हैं।

मुख्यमंत्री जी का वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया तथा उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री जी के संबोधन को सुना। मुख्यमंत्री जी ने एक करोड़ 10 लाख बच्चों के अभिभावकों के खाते में रूपये 1200-1200 हस्तांतरित किया, जिसमें जनपद कौशाम्बी के 01 लाख 19 हजार 641 बच्चों के अभिभावकों के खाते में रूपये 1200-1200 हस्तांतरित किया गया।

इस अवसर पर डीएम डॉ.अमित पाल, सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक एल0बी0 मौर्य एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor