लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा,रक्षाबंधन पर 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा का उपहार

कौशाम्बी: लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा,रक्षाबंधन पर 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा का उपहार,

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली “लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा” योजना का शुभारंभ किया गया।

इसके साथ ही रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की समस्त बसों में माता-बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित नि:शुल्क बस यात्रा सुविधा प्रदान किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उदयन सभागार में किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा, पूर्व विधायक, अध्यक्ष नगर पंचायत अझुवा शांति देवी, नीतू कनौजिया एवं ज्योति केशरवानी सहित अन्य गणमान्यजन तथा डीएम डॉ. अमित पाल, एसपी सत्य नारायण,सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

श्रम विभाग मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को साड़ी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा “लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा” योजना का शुभारंभ कर 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। उत्तर प्रदेश परिवहन की बसें देशभर में जहां-जहां तक जाती हैं, वहां तक महिलाएं नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सरकार ने माताओं, बहनों एवं बेटियों को विशेष उपहार दिया है। 27 अगस्त को प्रातः 06 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे तक तीन दिनों के लिए महिलाएं अपने सहयात्री सहित नि:शुल्क बस यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाया जा रहा है, जिससे महिलाएं अपने परिवार के साथ मजबूती से खड़ी होकर परिवार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने ने कहा कि संत रविदास एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरुषों द्वारा बताए गए समानता, सम्मान एवं सामाजिक उत्थान के मार्ग पर चलते हुए सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार 50 हजार बेटियों को स्कूटी देने जा रही है।सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 20 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के साथ देश में गरीबी उन्मूलन एवं प्रत्येक वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण परिवर्तन आएगा।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor