कौशाम्बी में स्कूली बस ने बाइक सवार युवक को रौंदा,युवक की मौत

कौशाम्बी: कौशाम्बी में स्कूली बस ने बाइक सवार युवक को रौंदा,युवक की मौत,

यूपी के कौशाम्बी जिले में मंगलवार की सुबह एक तेज रफ्तार स्कूली बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई,हादसे में 40 वर्षीय पिंटू नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी।

घटना कौशाम्बी थाना क्षेत्र के गरौली चौकी अंतर्गत सोनवारा गांव के पास सुबह की है,जहा जहांगीर का पुरवा निवासी पिंटू पुत्र रामचंद्र अपनी बाइक से गांव से थोड़ी दूर एक माली के पास काम से जा रहे थे। सोनवारा गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही स्कूली बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिंटू लगभग 10 फीट दूर जा गिरे और उनकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में पिंटू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई,गनीमत रही कि बस बच्चों को लेने जा रही थी और उस समय उसमें कोई बच्चा सवार नहीं था।

दुर्घटना के बाद बस कुछ दूर जाकर रुकी, लेकिन बस चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतक पिंटू के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पिंटू की मौत के बाद उनकी पत्नी सुनीता देवी, दो बेटियां रेशमा और करिश्मा, तथा एक बेटा राज का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुटी हुई है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor