कौशाम्बी में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव,मौत से इंस्टाग्राम पर डाले थे दो वीडियो, मौके से मोबाइल और ईयरफोन मिला,परिजनों में जताई हत्या की आशंका

कौशाम्बी: कौशाम्बी में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव,मौत से इंस्टाग्राम पर डाले थे दो वीडियो, मौके से मोबाइल और ईयरफोन मिला,परिजनों में जताई हत्या की आशंका,

यूपी के कौशाम्बी जिले में कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा स्थित डीएफसी रेलवे लाइन पर मंगलवार-बुधवार की रात 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास ही युवक का मोबाइल फोन मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान सुरेश कुमार मौर्य (25) पुत्र श्याम लाल, निवासी मकदुमपुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक सुरेश 28 सितंबर को सूरत से अपने घर लौटा था। वह सूरत की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। 29 सितंबर की सुबह वह घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी मौसी के यहां दशरथपुर बिसारा जा रहा है। परिजनों ने जब मौसी से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि सुरेश आया था और करीब 10 मिनट रुकने के बाद वहां से कहीं चला गया था।इसके बाद देर रात डीएफसी रेलवे ट्रैक पर सुरेश का शव मिलने की सूचना मिली। घटना से लगभग 10 घंटे पहले सुरेश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो भी पोस्ट किए थे। इन वीडियो में उसने कई तरह की बातें कही थीं। पुलिस अब इन वीडियो और उसके मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है।

परिजनों ने सुरेश की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि सुरेश की हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। परिजनों के मुताबिक शव पर चेहरे पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे और एक हाथ भी टूटा हुआ था। मौके से सुरेश का मोबाइल फोन, ईयरफोन और चप्पल भी बरामद हुई है।परिजनों का यह भी कहना है कि सुरेश के मोबाइल फोन पर लगातार किसी लड़की के फोन आ रहे थे। इन सभी बिंदुओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है। हालांकि युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सुरेश छह भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां, पिता श्याम लाल और भाई गुड्डू, बलवंत प्रसाद, राकेश, राजेश व लवकुश का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस घटना के संबंध में कोखराज थाना प्रभारी संतोष शर्मा ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor