कौशाम्बी: आर्य पब्लिक स्कूल में तैराकी क्लास का सफल आयोजन, छात्रों ने लिया भरपूर आनंद,
यूपी के कौशाम्बी जिले के आर्य पब्लिक स्कूल मंझनपुर में समर कैंप 2026 के अंतर्गत तैराकी क्लास का सफल आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में सभी वर्ग के छात्र-छात्राओं ने स्वैच्छिक रूप से भाग लिया।
तैराकी कक्षा का संचालन सुव्यवस्थित एवं प्रशिक्षित प्रशिक्षकों के निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षकों ने छात्रों को तैराकी के बुनियादी नियमों, सुरक्षा उपायों तथा सही तकनीकों की जानकारी दी। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ तैराकी का अभ्यास किया और जल-क्रीड़ाओं का आनंद उठाया।
तैराकी क्लास के समापन पर भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को ठंडे पेय पदार्थ एवं तरबूज वितरित किए गए। ठंडे तरबूज और शीतल पेय से छात्रों ने स्वयं को तरोताज़ा महसूस किया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा था।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अभिषेक सिंह ने कहा कि तैराकी न केवल एक आवश्यक जीवन कौशल है, बल्कि यह शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियाँ जारी रखने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक ऋषि कुशवाहा सहित समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।








