क्रय केन्द्रों पर ही होगी फार्मर रजिस्ट्री,किसानों को मिलेंगे कई लाभ

कौशाम्बी: क्रय केन्द्रों पर ही होगी फार्मर रजिस्ट्री,किसानों को मिलेंगे कई लाभ,

यूपी के कौशाम्बी जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 में कृषकों द्वारा क्रय केन्द्रों पर अपने गेहूँ के विक्रय के लिए पहुँचने वाले कृषकों की सुविधाओं के दृष्टिगत उनकी फार्मर रजिस्ट्री कराये जाने की व्यवस्था क्रय केन्द्र पर ही सुनिश्चित की जायेगी, जिससे कृषकों द्वारा सरलतापूर्वक अपनी उपज की तौल एवं विक्रय करायी जा सके।

यह जानकारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर चौबे ने देते हुए बताया कि डीएम डॉ अमित पाल ने जनपद के सभी क्रय केन्द्रों पर क्रय केन्द्रवार कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों को फार्मर रजिस्ट्री करने के लिए नामित किया है। सभी नामित कॉमन सर्विस सेंटर संचालक प्रतिदिन सम्बन्धित क्रय केन्द्र पर उपस्थित रहेंगे। यदि कोई कृषक गेहूँ के विक्रय के लिए क्रय केन्द्र पर पहुँचता है और पोर्टल पर उसकी फार्मर रजिस्ट्री नही मिलता है तो वहाँ स्थापित हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारी उसके दस्तावेजों के आधार पर तत्काल फार्मर रजिस्ट्री करायी जायेगी। फार्मर आईडी में भूमि का समस्त विवरण अंकित नही होने की स्थिति में संचालकों द्वारा मौके पर अवशेष खतौनी का विवरण दर्ज कराने एवं फार्मर आईडी अपडेट करने में कृषक की मदद की जायेगी। कृषक द्वारा फार्मर आईडी अपडेट होने के उपरांत सम्बन्धित लेखपाल द्वारा ऑनलाइन सत्यापित किया जायेगा। तदुपरांत तहसील स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री अपडेट हो जायेगी।

कृषक बंधु क्रय केन्द्र पर अपना आधार एवं समस्त खतौनी साथ लायें। इसके अतिरिक्त आधार से लिंक मोबाइल नम्बर भी साथ रखना अनिवार्य है, ताकि ओ.टी.पी. से सत्यापन हो सके। जिन गाँवों में वर्तमान में चकबन्दी या सर्वे की प्रक्रिया चल रही है, वहाँ किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बन पायी है, ऐसे ग्रामों के कृषकों को सम्बन्धित ग्राम में स्थित भूमि की सीमा तक पूर्व की भॉति गेहूँ का विक्रय करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

डीएम ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देशित किया है कि क्रय केन्द्रों पर किसी भी प्रकार की शिकायत न प्राप्त हो एवं पारदर्शिता एवं गाइडलाइन के अनुसार गेहूं क्रय कराया जाना सुनिश्चित किया जाय। गेहूं क्रय केन्द्रों पर किसी भी प्रकार की समस्या और असुविधा होने पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का नं0-0532-2990013 पर अथवा जिला खाद्य विपणन अधिकारी के मोबाइल नं0-9919420950 तथा सी.यू.जी. नं0-7839564974 पर संपर्क किया जा सकता है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor