टॉपर छात्रा रितु को 24 घन्टे के लिये बनाया गया बीडीओ

कौशाम्बी

राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर मिशन शक्ति योजना को बढ़ावा देने के लिए डीएम अमित कुमार सिंह की पहल पर जिले की एक होनहार छात्रा को 24 घंटे का बीडीओ बनाया गया। छात्रा को मुख्यालय मंझनपुर ब्लॉक का बीडीओ का पदभार डीएम ने स्वयं ग्रहण कराया और फिर बीडीओ बनी रितु त्रिपाठी ने बारी बारी से योजनाओं की जानकारी हासिल की। इसके अलावा विभाग की योजनाओं से संबंधित तमाम दस्तावेजों को भी खंगाला। उन्होंने ब्लॉक के जिम्मेदारों के साथ योजनाओं की जानकारी के लिए बैठक भी किया। इसके अलावा अधूरी पड़ी कार्य योजना को जल्द ही पूरा कराने का निर्देश भी दिया। 24 घंटे की बीडीओ बनी रितु त्रिपाठी ने बताया कि उसे वीडियो का पदभार ग्रहण करने के बाद बेहद ही खुशी हो रही है। समाज की अन्य बेटियों को संदेश देते हुए कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्हें जरूरत है हिम्मत और मेहनत से काम करने की। सफलता उनके कदम चूमेगी। तभी सरकार की मिशन शक्ति योजना सफल होगी।

सिराथू तहसील क्षेत्र के केन कनवर गांव की छात्रा रितु त्रिपाठी बचपन से ही पढ़ने लिखने में काफी होनहार थी। उसकी प्राथमिक से लेकर इंटर की शिक्षा गांव के ही धर्मा देवी इंटर कालेज में पूरी हुई थी। परिजनों की मानें तो वह हमेशा क्लास में बेहतर अंक हासिल करती थी। हाई स्कूल की परीक्षा में उसने कॉलेज में बेहतर प्रदर्शन किया। इसके अलावा वर्ष 2020 की इंटर की परीक्षा में 92.4 फ़ीसदी अंक पाकर जिला टॉप किया था। वर्तमान में वह प्रयागराज में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी में जुटी है। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर उसका नाम मंझनपुर ब्लॉक के बीडीओ पद पर 24 घंटे के लिए चयन हुआ। इस बात की जानकारी उसे व उसके परिजनों को हुई तो उसकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। आज परिवार के सदस्य रितु त्रिपाठी को लेकर मंझनपुर मुख्यालय के ब्लॉक परिसर पहुंचे। जहां पर डीएम अमित कुमार सिंह सीडीओ शशिकांत त्रिपाठी एवं बीडीओ सुधीर कुमार ने उसे 24 घंटे का बीडीओ का पदभार ग्रहण करवाया। 24 घंटे की वीडियो बनी रितु त्रिपाठी ने ब्लॉक की सभी योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की। इसके अलावा ब्लाक में कौन-कौन से पटल कहां पर स्थापित हैं और उन पटलों पर क्या-क्या काम होते हैं उनका निरीक्षण कर जानकारी हासिल की। ब्लॉक के जिम्मेदारों ने उसे सभी पटलों के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा किस पटल पर क्या काम होता है उसके बारे में भी जानकारी दी। रितु त्रिपाठी ने पूरे ब्लाक परिसर का निरीक्षण भी किया। डीएम अमित कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा रितु त्रिपाठी ने इंटर की परीक्षा में जिला टॉप किया था। आज इस बेटी को 24 घन्टे की बीडीओ का चार्ज दिया गया है। यह छात्रा जिले की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक बनेगी। बेटियों को इससे सीख लेनी चाहिए और हमेशा तररकी के मार्ग पर आगे बढ़ते रहने की कोशिश करना चाहिए।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor