कौशाम्बी: पोषण सप्ताह के तहत आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को किया गया जागरूक,
यूपी के कौशाम्बी जिले में पोषण सप्ताह के तहत सिराथू ब्लॉक के सेक्टर चमंधा के पतेरिया गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं को संतुलित आहार, बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर वर्षा सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए पोषण का विशेष महत्व है। उन्होंने गर्भवती और धात्री महिलाओं को सही खानपान अपनाने, समय-समय पर जांच कराने और बच्चों को पौष्टिक आहार देने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि कुपोषण से बचाव के लिए हरी सब्जियां, दाल, फल और दूध का नियमित सेवन जरूरी है। साथ ही साफ-सफाई और स्वच्छता का ध्यान रखने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी महिलाओं को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और उनके सवालों के जवाब दिए गए।
इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में प्रेमा देवी, रीता देवी, अनीता देवी, केशकली, सुदामा देवी सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।








