कौशाम्बी: कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में एम0बी0बी0एस0 छात्रों द्वारा ब्लड बैंक का किया गया शैक्षणिक भ्रमण,
यूपी के कौशाम्बी जिले के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के फिजियोलॉजी विभाग द्वारा एम0बी0बी0एस0 प्रथम वर्ष बैच 2025-26 के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष अस्पताल का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को थ्योरी क्लास में पढ़ाई गई मानव शरीर की कार्यप्रणाली को व्यावहारिक रूप से चिकित्सा क्षेत्र में इसका उपयोग होते हुए प्रदर्शित करना था।
फिजियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष व आचार्य डा0 सरस्वती जयसवाल यादव, सीनियर रेजीडेन्ट डा0 जय कौशल एवं डा0 लवकुश मौर्या के मार्गदर्शन में छात्रों ने संबद्ध चिकित्सालय के विभिन्न महत्वपूर्ण वार्डों, जैसे- ओपीडी, आईसीयू, ब्लड बैंक, और डायग्नोस्टिक लैब का भ्रमण कराया गया।
भ्रमण के दौरान छात्रों को एन0एम0सी0 द्वारा निर्देशित प्रारम्भिक नैदानिक अनावरण हेतु निम्नलिखित व्यावहारिक जानकारियां दी गईं
1. वाइटल साइन्स- मरीजों के ब्लड प्रेशर, पल्स रेट, और ऑक्सीजन सैचुरेशन को मापने की लाइव प्रक्रियाओं को समझाया गया।
2. डायग्नोस्टिक उपकरण- ईसीजी मशीन की कार्यप्रणाली और हृदय की गतिविधियों को ग्राफ पर देखने के व्यावहारिक पहलुओं से छात्रों को अवगत कराया गया।
3. क्लीनिकल फिजियोलॉजी मरीजों की केस हिस्ट्री और उनके शारीरिक लक्षणों के आधार पर फिजियोलॉजी के सिद्धांतों के जुड़ाव को विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो0 डा0 हरिओम कुमार सिंह ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एक कुशल डॉक्टर बनने के लिए पहले वर्ष से ही क्लीनिकल एक्सपोजर मिलना बेहद जरूरी है। फिजियोलॉजी चिकित्सा विज्ञान का आधार है, और अस्पताल के इस भ्रमण से छात्रों में मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और सीखने की उत्सुकता बढ़ेगी।
भ्रमण के अंत में छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस भ्रमण से उन्हें किताबों में पढ़ाई गई बातों को असल जिंदगी और चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से समझने में बहुत मदद मिली है। इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में फिजियोलॉजी विभाग के समस्त फैकल्टी मेंबर्स, डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।







