लोजपा सांसद अरुण भारती ने दिया “P3” का नारा – सपा के “PDA” के जवाब में पंडित,पासी-पासवान व दलित की एकजुटता का आवाहन

कौशाम्बी: लोजपा सांसद अरुण भारती ने दिया “P3” का नारा – सपा के “PDA” के जवाब में पंडित,पासी-पासवान व दलित की एकजुटता का आवाहन,

यूपी के कौशाम्बी जिले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की “दलित चौपाल” का सफल आयोजन सैयद सरावां में सम्पन्न हुआ, जिसमें बिहार के जमुई से लोजपा सांसद अरुण भारती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष (पूर्वांचल) राजीव पासवान के नेतृत्व में हुआ, जिसमें राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धीरेन्द्र कुमार मुन्ना सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

दलित चौपाल को संबोधित करते हुए सांसद अरुण भारती ने पासी-पासवान एवं समस्त दलित समाज से अपने अधिकारों और न्याय की लड़ाई के लिए संगठित होने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि अब समाज का नेतृत्व समाज के भीतर से ही उभरना चाहिए – हमें उधार के या भाड़े के नेताओं की आवश्यकता नहीं है।उन्होंने समाज के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराते हुए कहा कि पासी-पासवान समाज के राजाओं की एक लंबी और गौरवशाली श्रृंखला रही है, जिन्होंने “सोने की चिड़िया” कहलाने वाले हमारे देश की उन विदेशी आक्रांताओं से रक्षा की जो इसे लूटने की नीयत से आते थे, और इस रक्षा में अनेक राजाओं ने अपने प्राणों की बाजी लगा दी।

उन्होंने कहा कि यदि इतिहास में ये वीर राजा न होते, तो आज देश की तस्वीर कुछ और होती। जैसे उन राजाओं ने विदेशी आक्रांताओं से देश की रक्षा की, वैसे ही आज नव-सामंतवादी ताक़तों से समाज की रक्षा के लिए अपने ही समाज से सशक्त नेतृत्व का आगे आना समय की माँग है।

सांसद अरुण भारती ने “P3” – पंडित, पासी-पासवान एवं दलित समाज – को संगठित करने का आवाहन करते हुए कहा कि इन वर्गों की एकजुटता ही उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा कर सकती है। उन्होंने कहा कि जो दल “PDA” का नारा देकर इन वर्गों को केवल वोट बैंक समझते रहे, उन्होंने वर्षों तक समाज को उपेक्षा ही दी, अब समय आ गया है कि समाज स्वयं संगठित होकर, अपने नेतृत्व को उभारते हुए, उत्तर प्रदेश की पूरी 403 विधानसभा सीटों पर मज़बूत तैयारी करे, ताकि विधानसभा में समाज की आवाज़ बुलंदी से उठ सके। उन्होंने नारा दिया – “क्यों माँगें उधार, अब अपना नेता तैयार।”

गठबंधन से जुड़े सवालों पर सांसद अरुण भारती ने कहा कि इस “दलित चौपाल” के माध्यम से समाज का जो भी फैसला होगा, वह पार्टी को स्वीकार्य होगा, और हमारी तैयारी प्रदेश की सभी 403 सीटों पर पूरी और मज़बूत रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन का अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में होगा, किन्तु समाज को संगठित करने, नेतृत्व को उभारने और चुनावी तैयारी का यह अभियान सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में निरंतर चलता रहेगा।

इस अवसर पर सुनील जायसवाल (जिला अध्यक्ष, कौशाम्बी), शिवम मिश्रा (प्रदेश अध्यक्ष, युवा प्रकोष्ठ), धनंजय दुबे (प्रदेश संगठन महामंत्री), कमल तिवारी एवं जितेंद्र पासी (प्रदेश महासचिव), अवनीश तिवारी (प्रदेश सचिव), कमला कुमारी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), अबरार अहमद (राष्ट्रीय सचिव), रत्नाकर त्रिपाठी,विवेक पासी (ब्लॉक अध्यक्ष, मूरतगंज) एवं राजेंद्र पासी (ग्राम सभा अध्यक्ष, दलियानपुर) सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor