नगर पालिका भरवारी में भ्रष्टाचार का आरोप लगा सभासदों ने अध्यक्ष व ईओ के खिलाफ़ खोला मोर्चा, डीएम को सौंपा ज्ञापन

कौशाम्बी: नगर पालिका भरवारी में भ्रष्टाचार का आरोप लगा सभासदों ने अध्यक्ष व ईओ के खिलाफ़ खोला मोर्चा, डीएम को सौंपा ज्ञापन,

यूपी के कौशाम्बी जिले की भरवारी नगर पालिका परिषद में फिर एक बार भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगा है। सोमवार को आधा दर्जन सभासद एवं सभासद प्रतिनिधियों ने नगर पालिका अध्यक्ष और ईओ के खिलाफ डीएम से मिलकर शिकायत की है। सभासद एवं सभासद प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कई विकास परियोजनाओं में जमकर धांधली की गई है।शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

सभासद एवं सभासद प्रतिनिधियों का आरोप है कि नाली, सड़क और खड़ंजे के निर्माण में जमकर घोटाले हुए हैं। कुछ परियोजनाओं को केवल कागजों पर पारित कर उनका पैसा टेंडर के माध्यम से अध्यक्ष और ईओ द्वारा निकाल लिया गया है। इसके अलावा, बनी हुई सड़कों को दोबारा बनाने के लिए टेंडर जारी कर धनराशि निकालने का भी आरोप है।

उन्होंने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष के खुद के वार्ड नंबर 11 में 9 लाख रुपये की सड़क का दोबारा टेंडर किया गया, जबकि सभासदों के अनुसार वह सड़क पहले से ही सही थी। इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बाउंड्री वॉल और प्लास्टर के लिए 27 लाख रुपये, तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 24 लाख रुपये और अंबेडकर पार्क के निर्माण के लिए 13 से 14 लाख रुपये निकाले जाने का आरोप है।कुछ सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि अध्यक्ष केवल अपने वार्ड में विकास कार्य करा रही हैं, जबकि नगर पालिका के अन्य वार्ड विकास से वंचित हैं। सभासदों ने डीएम डॉ अमित पाल से पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद प्रतिनिधि सुनील कुमार, सभासद सानू कुशवाहा, सभासद प्रतिनिधि शंकर लाल केसरवानी उर्फ बच्चा और सभासद विक्रम सिंह सहित कई अन्य सभासद शामिल थे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor