पुलिस मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय मोबाइल स्नेचर अरेस्ट,पैर में लगी गोली

कौशाम्बी: पुलिस मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय मोबाइल स्नेचर अरेस्ट,पैर में लगी गोली,

यूपी के कौशाम्बी जिले में पुलिस एवं अंतर्जनपदीय मोबाइल स्नेचरों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से एक लुटेरा घायल हो गया,जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।वही दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

पिपरी थाना क्षेत्र के कंसेंदा निवासी तौसीफ अहमद चार दिन पहले सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल से बात कर रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक आए और उसका मोबाइल छीन कर भाग निकले। तौसीफ ने पिपरी थाना में मोबाइल छिनैती की तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। बीती रात को मनोरी में पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी इसी दौरान मनोरी बाजार की तरफ से एक तेज रफ्तार बाइक आई हुई दिखाई दी जिसमें दो युवक बैठे थे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन वह बगैर रुके ही चायल की तरफ भाग निकले। दरोगा ने पिपरी एवं चरवा पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस के जवानों ने उनका पीछा किया तो वह गुंगाव के बाग के पास बाइक को छोड़कर भागने लगे पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया लेकिन एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षक हेतु उसके पैर में गोली मारी, जिससे वह घायल होकर गिर गया। उसके कब्जे से तमंचा कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान प्रयागराज जनपद के पुरा मुफ्ती थाना क्षेत्र के मन्दरमोड निवासी प्रदीप कुमार के रूप में बताई। उसने यह भी बताया कि चार दिन पहले तौसीफ से मोबाइल छिनैती की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज मंझनपुर में भर्ती करा दिया। आरोपी के खिलाफ प्रयागराज एवं कौशाम्बी की कई थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor