शिव मंदिर के पास लगी हुई हाईमास्ट लाइट एक साल से खराब,जिम्मेदारो की अनदेखी से अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीण

कौशाम्बी: शिव मंदिर के पास लगी हुई हाईमास्ट लाइट एक साल से खराब,जिम्मेदारो की अनदेखी से अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीण,

यूपी के कौशाम्बी जनपद के सरसवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम ऊनौ स्थित शिव मंदिर के समीप लगी हाईमास्ट लाइट पिछले एक वर्ष से अधिक समय से खराब पड़ी है। लाइट बंद होने से शाम ढलते ही पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है, जिससे ग्रामीणों, किसानों, राहगीरों और मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि हाईमास्ट लाइट चालू रहने के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी रहती थी। इससे रात के समय आवागमन सुरक्षित रहता था तथा किसानों और राहगीरों को भी सुविधा मिलती थी। लेकिन लंबे समय से लाइट खराब होने के कारण लोगों को अंधेरे में आवाजाही करनी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग और स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामवासियों ने विधायक,सांसद और जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए शिव मंदिर के समीप खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट की तत्काल मरम्मत कराकर उसे पुनः चालू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन और पर्याप्त प्रकाश की सुविधा मिल सके।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor