कौशाम्बी: भरवारी में दबंगो ने बंद किया सैकड़ों साल पुराना नाला, 25 घरों में जलभराव की स्थिति,नगर पालिका ने नहीं की सुनवाई तो ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार,
यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पालिका परिषद भरवारी के वार्ड नंबर 20 केशव नगर के भटपुरवा में सैकड़ों साल पुराने नाले को बंद किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही राम सिंह पुत्र महादेव और गुलाब पुत्र अर्जुन ने नाले को बंद कर दिया है।
नाला बंद होने से लगभग 25 घरों से निकलने वाला गंदा पानी तालाब में जाना बंद हो गया है, जिससे मोहल्ले में जलभराव की स्थिति बन गई है। घरों के सामने पानी भरा रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत स्थानीय सभासद और नगर पालिका प्रशासन से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सुनवाई न होने से परेशान ग्रामीण मंगलवार को डीएम कार्यालय पहुंचे और डीएम से शिकायत कर नाला खुलवाने और जलभराव से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।








