कौशाम्बी,
बच्चा चोरी के शक पर साधुओं की पिटाई मामले में तीन दर्जन पर FIR दर्ज,पुलिस ने पांच को भेजा जेल,
यूपी के कौशाम्बी जिले में मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के कोड़र गांव में बच्चा चोरी के शक में कार सवार साधुओं की पिटाई मामले में पुलिस ने 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने पांच लोगो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के कोड़र गांव में बुधवार को साधुओं की बच्चा चोर गिरोह के शक पर जमकर पिटाई की गई थी।
यह साधू देवघर से कार पर सवार होकर तीर्थाटन करने निकले थे। चित्रकूट होते हुए उन्हें गंगोत्री-यमनोत्री और उज्जैन तक जाना था। गूगल मैप देखते हुए रास्ता भटक गए थे। कोड़र गांव के पास एक बच्चे से रास्ता पूछने के दौरान ग्रामीणों को बच्चा चोरी का शक हो गया। इसी के बाद ग्रामीणों ने पिटाई की थी। खुद ही इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया था। मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने 35 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पांच लोगो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इनकी पहचान वीडियो से ही की गई थी। बाकी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए भी ग्रामीणों की ही मदद ली जा रही है।








