कौशाम्बी,
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में गांधी जयंती पर गहन स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का होगा आयोजन,
यूपी के प्रयागराज हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति/ संरक्षक उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस वर्ष राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस 2 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक सम्पूर्ण प्रदेश में स्वच्छता जागरूकता अभियान के रूप में साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
यह जानकारी अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कौशाम्बी ने देते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 02 अक्टूबर को जनपद स्तर, तहसील स्तर एवं ब्लॉक स्तर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया जाय, जिसमे राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में स्वच्छता जागरूकता अभियान शीर्षक के अधीन प्रचार-प्रसार किया जाय। समस्त विद्यालयों में निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाय तथा समस्त विद्यालयों द्वारा अपने-अपने विद्यालय की 3-3 उत्कृष्ट निबन्ध एवं चित्रकला प्रविष्टियों को दिनाक 05 अक्टूबर 2023 तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराया जाय।
समस्त खण्ड विकास अधिकारियों द्वारा 02 अक्टूबर को अपने कार्यालय एवं सीमावर्ती परिसर में साफ-सफाई के लिए गहन स्वच्छता कार्य सम्पादित किया जाय तथा स्थानीय स्तर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया जाय। समस्त तहसील विधिक सेवा समिति द्वारा अपने कार्यालय एवं समीपवर्ती परिसर में साफ-सफाई के लिए गहन स्वच्छता कार्य सम्पादित किया जाय तथा स्थानीय स्तर पर प्रभात फेरी का आयोजन भी किया जाय।








